बांग्लादेश में खसरे का कहर, 1,284 की मौत, स्वास्थ्य मंत्री बोले– यह मेरी नाकामी, मुझे फांसी दे दो

      Date:

      • मासूम बच्चे संक्रमण के सबसे ज्यादा शिकार, सरकार ने शुरू किया आपात टीकाकरण अभियान; पूर्व अंतरिम सरकार पर टीकाकरण में लापरवाही का आरोप

      ढाका (एजेंसी)। बांग्लादेश में खसरे के तेजी से फैलते संक्रमण ने गंभीर स्वास्थ्य संकट खड़ा कर दिया है। देशभर में अब तक 2.4 लाख से अधिक संदिग्ध मरीज सामने आ चुके हैं, जबकि इस बीमारी से 1,284 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों में बड़ी संख्या मासूम बच्चों की बताई जा रही है। लगातार बढ़ते संक्रमण और मौतों के बीच स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। हालात की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री सरदार मोहम्मद सखावत हुसैन ने इसे अपनी व्यक्तिगत और प्रशासनिक विफलता स्वीकार करते हुए यहां तक कह दिया कि उन्हें फांसी दे दी जाए।

          बांग्लादेशी समाचार पत्रों के अनुसार, पत्रकारों से बातचीत के दौरान स्वास्थ्य मंत्री सरदार मोहम्मद सखावत हुसैन ने खसरे से हो रही मौतों पर दुख जताते हुए इसकी जिम्मेदारी स्वयं ली। उन्होंने कहा कि यह उनकी नाकामी है और उन्हें फांसी दे दी जाए। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पूरी कोशिश की है और इसे पूरी सरकार की विफलता नहीं माना जाना चाहिए। उनके इस बयान के बाद देश के राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

          स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय के आंकड़ों के मुताबिक, 9 नवंबर को समाप्त हुए 24 घंटों में दो और संभावित मौतें दर्ज की गईं। इसके साथ ही मृतकों की कुल संख्या 1,284 तक पहुंच गई है। इनमें 105 मौतों की प्रयोगशाला जांच से पुष्टि हुई है, जबकि 1,179 मौतें संदिग्ध श्रेणी में दर्ज हैं। देशभर में खसरे के 2.4 लाख से अधिक संदिग्ध मामले सामने आए हैं। इनमें से 24,523 मामलों की प्रयोगशाला जांच में पुष्टि हुई है। संक्रमण पर नियंत्रण के लिए सरकार ने अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के सहयोग से आपात टीकाकरण अभियान शुरू किया है, लेकिन इसके बावजूद बीमारी का प्रसार और मौतों का सिलसिला चिंता बढ़ा रहा है।

          मोहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार पर लापरवाही का आरोप

          इस स्वास्थ्य संकट को लेकर प्रधानमंत्री तारिक रहमान के नेतृत्व वाली बीएनपी सरकार ने पूर्व अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस के प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। स्वास्थ्य राज्य मंत्री एमए मुहित के मुताबिक, पिछली सरकार के कार्यकाल में समय पर राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान नहीं चलाया गया। इसके कारण देश में टीकों का आपात भंडार भी उपलब्ध नहीं रह गया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 के अंत या 2025 की शुरुआत में प्रस्तावित राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान नहीं कराया गया था। सरकार का दावा है कि वर्ष 2020 के बाद से देश में बड़े स्तर पर टीकाकरण अभियान नहीं चलाया गया, जिसका असर अब गंभीर रूप में सामने आ रहा है।

          भारत से आए केवल 8 प्रतिशत टीके

          टीकों की आपूर्ति को लेकर भी स्वास्थ्य राज्य मंत्री एमए मुहित ने स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने भारत से बड़ी मात्रा में टीके आने संबंधी दावों को खारिज करते हुए बताया कि कुल टीकों में भारत की हिस्सेदारी केवल 8 प्रतिशत है। शेष टीके जर्मनी, जापान, ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन, दक्षिण कोरिया और इंडोनेशिया से मंगाए गए हैं। सरकार के अनुसार, इन टीकों की जांच विश्व स्वास्थ्य संगठन ने की है और यूनिसेफ के माध्यम से उनकी उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।

          छह महीने से कम उम्र के बच्चे सबसे ज्यादा प्रभावित

          स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, खसरे के संक्रमण की चपेट में आने वाले बच्चों में छह महीने से कम उम्र के शिशुओं की संख्या अधिक है। इनमें अधिकांश बच्चों को अभी तक खसरे का टीका नहीं लगाया गया था। ऐसे में छोटे बच्चों में संक्रमण का खतरा अधिक बना हुआ है। बांग्लादेश में तेजी से फैलते खसरे के संक्रमण ने स्वास्थ्य व्यवस्था के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। अब सरकार के सामने टीकाकरण अभियान को गति देने, टीकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने और संक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने की चुनौती है।

          20 साल से बिलासपुर में छिपकर रह रहा था बांग्लादेशी, भारतीय दस्तावेज बनवाकर एनटीपीसी सीपत में करता रहा काम

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related