सूरजपुर में हाथियों का आतंक : दीपावली की रात दो ग्रामीणों को उतरा मौत के घाट, दहशत में ग्रामीण

      Date:

      • प्रतापपुर और सूरजपुर वन परिक्षेत्र में हाथियों का हमला, धान की फसल की रखवाली कर रहे ग्रामीण को कुचला; आक्रामक कबरा हाथी को रेस्क्यू सेंटर भेजने की मांग तेज

      सूरजपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में हाथियों का आतंक लगातार जानलेवा साबित हो रहा है। दीपावली की रात जिले के दो अलग-अलग वन परिक्षेत्रों में हाथियों ने हमला कर दो लोगों की जान ले ली। इन घटनाओं के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। सबसे चिंताजनक स्थिति प्रतापपुर क्षेत्र में घूम रहे कबरा हाथी को लेकर है, जो पिछले छह महीनों में अब तक 13 लोगों की जान ले चुका है।

          पहली घटना सूरजपुर वन परिक्षेत्र के ग्राम पंचायत सोनपुर के पण्डोपारा की है। यहां रहने वाले 40 वर्षीय मट्टूलाल पिता लालसाय घर के पास खेत में लगी धान की फसल की रखवाली करने गए थे। इसी दौरान अचानक हाथी ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। दूसरी घटना प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के सकलपुर गांव की है। यहां देर रात क्षेत्र में विचरण कर रहे कबरा हाथी ने एक युवक को कुचलकर मार डाला। बताया जा रहा है कि इस आक्रामक हाथी ने एक सप्ताह के भीतर किसी व्यक्ति की जान लेने की यह तीसरी घटना की है। इससे पहले पास के अखोरा गांव में भी इसी हाथी ने दो लोगों को कुचलकर मौत के घाट उतार दिया था।

          छह महीने में 13 लोगों की मौत से बढ़ी दहशत

          स्थानीय जानकारी के अनुसार, अकेले घूम रहे कबरा हाथी ने पिछले छह महीनों में क्षेत्र में 13 लोगों की जान ले ली है। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में भय व्याप्त है। लोगों का कहना है कि यह हाथी लंबे समय से आक्रामक बना हुआ है और आबादी वाले इलाकों में पहुंचकर जानलेवा हमले कर रहा है। क्षेत्र के ग्रामीण लंबे समय से कबरा हाथी को बेहोश कर सुरक्षित रेस्क्यू सेंटर भेजने की मांग कर रहे हैं। लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायत और मांग के बावजूद वन विभाग के अधिकारी इस दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठा रहे हैं। करोड़ों रुपये खर्च कर क्षेत्र में हाथी रेस्क्यू सेंटर बनाया गया है, लेकिन लगातार जान ले रहे इस हाथी को वहां क्यों नहीं भेजा जा रहा, यह सवाल ग्रामीण उठा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि हाथी की निगरानी में लगे वनकर्मियों की सुरक्षा भी खतरे में बनी हुई है, क्योंकि हाथी लगातार आक्रामक व्यवहार कर रहा है। लगातार हो रही जनहानि ने वन विभाग की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब ग्रामीणों की मांग है कि कबरा हाथी को जल्द से जल्द सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर आबादी से दूर रखा जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।

          कोरबा में हाथियों का बढ़ा आतंक, झुंड ने रौंदी फसल, दंतैल ने तोड़ा मकान

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related