राज्य स्तरीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला के समापन सत्र में मुख्यमंत्री ने कहा- महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए सरकार प्रतिबद्ध
प्रदेश में 42 सखी वन स्टॉप सेंटर, महिला हेल्पलाइन 181 और डायल 112 से मिल रही सहायता
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक बुराइयों के लिए सभ्य समाज में कोई स्थान नहीं होना चाहिए। इन समस्याओं को समाप्त करने के लिए केवल सरकार या किसी एक संस्था के प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि पूरे समाज को एकजुट होकर काम करना होगा। महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा, सम्मान तथा उनके अधिकारों की रक्षा के लिए सामूहिक संकल्प के साथ इन बुराइयों के खिलाफ जनआंदोलन खड़ा करना समय की आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री साय रविवार को राजधानी रायपुर स्थित पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के सभागार में मानव तस्करी एवं घरेलू हिंसा विषय पर आयोजित एक दिवसीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना केवल शासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा का सीधा संबंध महिलाओं की गरिमा, सुरक्षा और भविष्य से है। इन गंभीर विषयों पर चर्चा के लिए न्यायपालिका, पुलिस, विश्वविद्यालयों, महिला एवं बाल विकास विभाग और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों को एक मंच पर लाना सराहनीय पहल है। राज्य महिला आयोग द्वारा आयोजित इस कार्यशाला में सामने आए विचार और सुझाव महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में उपयोगी साबित होंगे।
उन्होंने भारतीय संस्कृति में नारी सम्मान की परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि हमारे शास्त्रों में कहा गया है- ‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः’। अर्थात जहां महिलाओं का सम्मान होता है, वहां देवताओं का वास होता है। इसलिए महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। मुख्यमंत्री साय ने अपने गृह जिले जशपुर का उदाहरण देते हुए बताया कि एक समय वहां मानव तस्करी की समस्या काफी गंभीर थी। सरकार, पुलिस, महिला आयोग और सामाजिक संगठनों के समन्वित प्रयासों से इस समस्या में कमी आई है। उन्होंने कहा कि मानव तस्करी के कई मामलों में परिचित व्यक्ति ही नौकरी या बेहतर भविष्य का लालच देकर बेटियों को अपने जाल में फंसा लेते हैं। ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए परिवारों और समाज में जागरूकता तथा सतर्कता जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने अपने सार्वजनिक जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे पिछले 30-35 वर्षों से जनसेवा के क्षेत्र में सक्रिय हैं। लगभग 20 वर्षों तक सांसद के रूप में दिल्ली में रहने के दौरान उनके सामने मानव तस्करी के कई मामले आए। उन्होंने आवश्यक पहल करते हुए कई बेटियों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराने में सहयोग किया। इन अनुभवों ने महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को और मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू किए गए ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान से देशभर में बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान को लेकर जागरूकता बढ़ी है। इसी दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार भी महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
महिलाओं की सुरक्षा के लिए मजबूत की जा रही व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में 42 सखी वन स्टॉप सेंटर संचालित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों के माध्यम से हिंसा से पीड़ित महिलाओं को एक ही स्थान पर चिकित्सा सहायता, कानूनी परामर्श, मनोवैज्ञानिक सहयोग सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बेटियों की सहायता के लिए 24 घंटे महिला हेल्पलाइन नंबर 181 तथा आपातकालीन सहायता नंबर 112 की सुविधा उपलब्ध है। महिलाओं की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश में महिला थानों की संख्या बढ़ाई गई है। इसके अलावा पुलिस थानों में महिला हेल्प डेस्क भी स्थापित किए गए हैं। छत्तीसगढ़ पुलिस के ‘अभिव्यक्ति ऐप’ के माध्यम से महिलाएं अपनी शिकायत दर्ज कराने के साथ सुरक्षा संबंधी जरूरी जानकारी भी प्राप्त कर सकती हैं।
महतारी वंदन योजना से 68 लाख से अधिक महिलाएं लाभान्वित
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के साथ उनका आर्थिक सशक्तिकरण भी सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से प्रदेश में महतारी वंदन योजना संचालित की जा रही है। योजना की अब तक 33 किश्तें जारी की जा चुकी हैं और वर्तमान में 68 लाख से अधिक माताएं-बहनें इसका लाभ ले रही हैं। उन्होंने बताया कि योजना के तहत हर महीने मिलने वाली एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं के लिए बड़ा संबल साबित हो रही है। इस राशि से महिलाएं अपनी दैनिक जरूरतें पूरी करने के साथ परिवार की आवश्यकताओं में भी योगदान दे रही हैं। कई महिलाओं ने इस सहायता राशि का उपयोग कर सिलाई-कढ़ाई, सब्जी दुकान और अन्य छोटे व्यवसाय शुरू किए हैं। इससे उनकी आर्थिक आत्मनिर्भरता बढ़ने के साथ परिवार और समाज में भागीदारी भी मजबूत हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लखपति दीदी अभियान के तहत छत्तीसगढ़ में लगभग 14 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। प्रशिक्षण, आजीविका संवर्धन और स्वरोजगार के अवसरों के माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
कार्यशाला के सुझावों को जमीन पर उतारने की जरूरत
मुख्यमंत्री ने कहा कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने के लिए शासन-प्रशासन, पुलिस, न्यायपालिका, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों को मिलकर काम करना होगा। कार्यशाला की वास्तविक सफलता तभी होगी, जब यहां हुए विचार-विमर्श और प्राप्त सुझावों को धरातल पर उतारा जाएगा। इसका उद्देश्य महिलाओं और बेटियों के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और भयमुक्त वातावरण तैयार करना होना चाहिए। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू, आयोग की सदस्य ओजस्वी मंडावी एवं दीपिका सोरी, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सच्चिदानंद शुक्ला सहित न्यायपालिका, पुलिस विभाग और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं।
छत्तीसगढ़ के विकास में तेलुगु समाज का महत्वपूर्ण योगदान : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

