धनोरा को 132.69 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया लोकार्पण और भूमिपूजन

      Date:

      • नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से 56 गांवों के 56 हजार लोगों को मिलेगा लाभ, ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ ब्रांड का शुभारंभ कर 730 किसानों को बाजार से जोड़ने की पहल

          रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कोण्डागांव जिले के ग्राम धनोरा में विकास कार्यों की बड़ी सौगात देते हुए 132 करोड़ 69 लाख 43 हजार रुपये की लागत के 49 विकास कार्यों का लोकार्पण, भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने 2 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का लोकार्पण किया। साथ ही वनांचल के किसानों की पारंपरिक उपज को नई बाजार पहचान दिलाने के लिए ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ ब्रांड का शुभारंभ किया।

          मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

          मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ प्रदेश के अंतिम छोर पर बसे गांवों और वहां रहने वाले प्रत्येक परिवार तक पहुंचे। दूरस्थ वनांचलों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ किसानों की मेहनत का उचित मूल्य दिलाना और ग्रामीण महिलाओं को आजीविका के नए अवसर प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता है। स्थानीय संसाधनों, पारंपरिक कृषि पद्धतियों और ग्रामीण प्रतिभाओं को नए अवसरों से जोड़कर ही समृद्ध एवं आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ का निर्माण किया जा सकता है।

          https://dprcg.gov.in/post/1795440609/Raipur-Chief-Minister-Vishnu-Deo-Sai-inaugurated-and-laid-the-foundation-stones-for-development-projects-worth-Rs-132-69-crore-in-Dhanora

          मुख्यमंत्री साय ने धनोरा में 2 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से तैयार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का लोकार्पण किया। इस स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से धनोरा सहित आसपास के 56 गांवों के लगभग 56 हजार ग्रामीणों को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा। अब क्षेत्र के लोगों को सामान्य बीमारियों के उपचार, स्वास्थ्य जांच और अन्य आवश्यक चिकित्सा सेवाओं के लिए दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और आपातकालीन स्थिति में मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने में यह केंद्र महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। अब तक इस दूरस्थ वनांचल क्षेत्र के ग्रामीणों को उपचार के लिए जिला मुख्यालय तक जाना पड़ता था। इससे उन्हें समय और धन दोनों की परेशानी उठानी पड़ती थी। नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के माध्यम से स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा और हजारों परिवारों को राहत मिलेगी।

          ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ से किसानों को मिलेगी नई पहचान

          मुख्यमंत्री ने किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने की दिशा में ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ ब्रांड का शुभारंभ किया। इस पहल के माध्यम से ग्राम बेचा, किलम, कड़ेनार और मंदोड़ा के लगभग 730 किसानों की परंपरागत धान उपज को संगठित बाजार से जोड़ा जाएगा। इन गांवों के किसान लंबे समय से प्राकृतिक संसाधनों और पारंपरिक कृषि पद्धतियों के आधार पर बिना रासायनिक खाद के धान की खेती करते आ रहे हैं। उनकी उपज की अपनी अलग विशेषता है, लेकिन बाजार तक सीमित पहुंच के कारण उन्हें इसका अपेक्षित मूल्य नहीं मिल पाता था। अब जिला प्रशासन की पहल पर किसानों के धान का संग्रहण, प्रसंस्करण, गुणवत्ता के अनुसार वर्गीकरण और आकर्षक पैकेजिंग कर उसे ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ के नाम से बाजार में उपलब्ध कराया जाएगा। इससे स्थानीय धान को अलग पहचान मिलेगी और किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य प्राप्त करने के अवसर मिलेंगे। साथ ही बिचौलियों पर निर्भरता कम होगी और मूल्य संवर्धन का लाभ सीधे किसानों तक पहुंच सकेगा।

          बिहान की महिलाएं संभालेंगी धान प्रसंस्करण से विपणन तक की जिम्मेदारी

          ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ योजना की खास बात यह है कि इससे किसानों के साथ ग्रामीण महिलाओं को भी आर्थिक रूप से आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के अंतर्गत उड़ान प्रोड्यूसर महिला कृषक कंपनी को धान के संग्रहण, प्रसंस्करण, गुणवत्ता प्रबंधन, पैकेजिंग और विपणन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बिहान से जुड़ी स्वसहायता समूह की महिलाएं इस पूरी प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाएंगी। इससे उन्हें कृषि आधारित उद्यमिता और स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे। स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। इस पहल से किसानों की उपज को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के साथ महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा मिलेगा। यह कोण्डागांव की पारंपरिक कृषि विरासत को नई पहचान दिलाने और स्थानीय उत्पादों का मूल्य बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

          पेन खण्डा मुदिया के दर्शन कर प्रदेश की खुशहाली की कामना

          धनोरा प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बाजार पारा स्थित कोनगुड़ परगना के प्रमुख आराध्य पेन खण्डा मुदिया के दर्शन-पूजन किए। उन्होंने आदिवासी समाज की पारंपरिक धार्मिक मान्यताओं और रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। पेन खण्डा मुदिया बस्तर अंचल के आदिवासी समाज की गहरी आस्था और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं। कोनगुड़ परगना के अंतर्गत आने वाले 84 गांवों के ग्रामीण उन्हें अपना प्रमुख आराध्य मानते हैं। स्थानीय परंपरागत मान्यताओं के अनुसार पेन खण्डा मुदिया को ‘18 जिलों के राजा’ के रूप में भी श्रद्धा और सम्मान दिया जाता है। पेन खण्डा मुदिया के प्रति आदिवासी समाज की आस्था पीढ़ियों से चली आ रही है। यह परंपरा समाज को अपने पुरखों, रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने के साथ सामाजिक एकता को भी मजबूत करती है। मरई परिवार पेन खण्डा मुदिया के पारंपरिक सेवक हैं तथा क्षेत्र की बारा बानी बिरादरी के सदस्य उनकी सेवा-अर्जी में श्रद्धा के साथ शामिल होते हैं। मुख्यमंत्री ने आदिवासी समाज की धार्मिक आस्थाओं और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि बस्तर की समृद्ध संस्कृति और परंपराएं छत्तीसगढ़ की अनमोल धरोहर हैं। इनका संरक्षण और संवर्धन हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

          पारंपरिक साफा बांधकर आदिवासी समाज ने किया मुख्यमंत्री का स्वागत

          मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के धनोरा पहुंचने पर आदिवासी समाज के लोगों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनका आत्मीय स्वागत किया। समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के सिर पर पारंपरिक साफा बांधकर उनका सम्मान किया। इस दौरान आदिवासी समाज की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं, आत्मीयता और अतिथि सत्कार की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, बस्तर सांसद महेश कश्यप, कांकेर सांसद भोजराज नाग, बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम, बस्तर आईजी बी.एन. मीणा, कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।

          मानव तस्करी और घरेलू हिंसा के खिलाफ सामूहिक प्रयासों से खड़ा करना होगा जनआंदोलन : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related

              राज्यपाल ने सरस्वती महाविद्यालय को दिए 10 कंप्यूटर और प्रिंटर

              विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक एवं तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध...