समुद्र का जलस्तर 14 साल के उच्चतम स्तर पर पहुंचने की आशंका, न्यूयॉर्क समेत कई तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा
वॉशिंगटन (एजेंसी)। अमेरिका में आए भीषण तूफान ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। तेज हवाओं और भारी बारिश के कारण 9 लाख से अधिक घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। हवाई यातायात पर भी इसका व्यापक असर पड़ा है। खराब मौसम के चलते 1800 से ज्यादा उड़ानों में देरी हुई, जबकि 400 से अधिक उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि समुद्र का जलस्तर 14 साल के सबसे ऊंचे स्तर तक पहुंच सकता है। इससे न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी और फिलाडेल्फिया सहित कई तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।

अमेरिका के पूर्वी तट की ओर बढ़ रहे इस तूफान को ‘नॉरईस्टर’ कहा जाता है। यह तूफान तेज हवाओं, भारी बारिश और समुद्र में ऊंची लहरों के लिए जाना जाता है। अमेरिकी मौसम विभाग के मुताबिक, वर्जीनिया के तटीय इलाकों में 80 से 112 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। कई स्थानों पर पेड़ गिरने, बिजली की लाइनें टूटने और सड़कों पर पानी भरने की घटनाएं सामने आई हैं। तूफान के कारण अमेरिका में थैंक्सगिविंग त्योहार के लिए यात्रा कर रहे लाखों लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इस त्योहार पर लोग परिवार और दोस्तों के साथ समय बिताने के लिए दूसरे शहरों की यात्रा करते हैं। ऐसे में बड़ी संख्या में उड़ानों के प्रभावित होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
खराब मौसम का असर त्योहार के आयोजनों पर भी पड़ा है। न्यूयॉर्क में आयोजित होने वाली प्रसिद्ध थैंक्सगिविंग डे परेड को शनिवार तक के लिए टाल दिया गया है। यह इस परेड का 100वां वर्ष है। इसके इतिहास में पहली बार इसे स्थगित करना पड़ा है। न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने तूफान के खतरे को देखते हुए यह फैसला लिया। परेड की आयोजक कंपनी मैसीज ने भी लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता बताया है। समुद्र में उठ रही ऊंची लहरों ने अमेरिका के कई तटीय क्षेत्रों में नुकसान पहुंचाया है। सैन डिएगो के आसपास समुद्र का पानी पुराने रिकॉर्ड से भी ऊपर पहुंच गया। इससे निचले इलाकों में पानी भरने की आशंका बढ़ गई है। वहीं, पूर्वी तट पर वर्ष 2012 में आए सुपरस्टॉर्म सैंडी के बाद समुद्र का जलस्तर सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंचने का अनुमान है। डेलावेयर और न्यू जर्सी के कुछ इलाकों में तेज हवाओं के कारण बिजली की लाइनें टूटने और बड़े क्षेत्रों में आपूर्ति बाधित होने का खतरा बना हुआ है।
मध्य अमेरिका में बारिश और बर्फबारी की आशंका
मौसम का असर केवल समुद्र तटीय इलाकों तक सीमित नहीं है। अमेरिका के मध्य हिस्सों में बुधवार से शुक्रवार तक बारिश और बर्फबारी होने का अनुमान है। इससे कई क्षेत्रों में ठंड बढ़ सकती है। इसके अलावा पैसिफिक नॉर्थवेस्ट इलाके में भी बुधवार रात से बारिश और तेज हवाओं का एक और दौर शुरू होने की आशंका जताई गई है। नॉरईस्टर अमेरिका के पूर्वी तट पर आने वाला शक्तिशाली तूफान है। इसका नाम इसलिए पड़ा है क्योंकि इसमें हवाएं उत्तर-पूर्व दिशा से चलती हैं। यह तूफान साल के किसी भी समय आ सकता है, लेकिन सितंबर से अप्रैल के बीच इसकी सक्रियता अधिक रहती है। इस तूफान के बनने की प्रमुख वजह ठंडी और गर्म हवाओं का आपस में मिलना है। सर्दियों में आर्कटिक क्षेत्र की ठंडी हवाएं कनाडा और अमेरिका से होते हुए अटलांटिक महासागर की ओर बढ़ती हैं। वहीं, मैक्सिको की खाड़ी और अटलांटिक महासागर से गर्म हवाएं उत्तर की ओर आती हैं।
गल्फ स्ट्रीम नामक गर्म समुद्री धारा के कारण सर्दियों में भी समुद्र का पानी अपेक्षाकृत गर्म रहता है। इससे समुद्र के ऊपर की हवा गर्म हो जाती है। जब यह गर्म हवा जमीन से आने वाली ठंडी हवा के संपर्क में आती है, तो नॉरईस्टर तूफान बनता है और उसे ताकत मिलती है। मौसम वैज्ञानिक ब्रायन एडवर्ड्स के मुताबिक, अमेरिका में हर साल औसतन तीन नॉरईस्टर तूफान आते हैं। इनका असर खासतौर पर वॉशिंगटन डीसी, फिलाडेल्फिया, न्यूयॉर्क और बोस्टन जैसे शहरों में देखने को मिलता है। इन क्षेत्रों में भारी बारिश के साथ बर्फबारी भी हो सकती है।

