कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। भारतीय थल सेना में अग्निवीर भर्ती 2026-27 के लिए भर्ती प्रक्रिया जारी है। जिले के युवाओं को लिखित परीक्षा की बेहतर तैयारी कराने हेतु छत्तीसगढ़ रोजगार विभाग द्वारा निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए इच्छुक अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
जिला रोजगार अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार कोरबा जिले से कुल 563 अभ्यर्थियों ने अग्निवीर भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीयन कराया है। जिन उम्मीदवारों ने भर्ती हेतु आवेदन किया है, उनके लिए सेना भर्ती कार्यालय रायपुर द्वारा जून 2026 तक ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (सीईई) आयोजित किया जाना संभावित है।
रोजगार विभाग देगा मुफ्त प्रशिक्षण
अग्निवीर भर्ती की लिखित परीक्षा में सफलता दिलाने के उद्देश्य से रोजगार विभाग द्वारा पंजीकृत अभ्यर्थियों को निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग दी जाएगी। इच्छुक उम्मीदवार रोजगार विभाग के पोर्टल https://erojgar.cg.gov.in पर जाकर ‘अग्निवीर भर्ती 2026 की लिखित परीक्षा तैयारी हेतु निःशुल्क प्रशिक्षण’ विकल्प पर क्लिक कर आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवारों को अपनी व्यक्तिगत जानकारी भरकर आवेदन रोजगार विभाग को ऑनलाइन भेजना होगा। विभाग का उद्देश्य पर्याप्त संख्या में आवेदन प्राप्त कर अभ्यर्थियों को सुनियोजित ढंग से परीक्षा की तैयारी कराना है। जिन युवाओं ने अभी तक अग्निवीर भर्ती 2026-27 के लिए ऑनलाइन पंजीयन नहीं कराया है, वे शीघ्र ई-रोजगार पोर्टल पर पंजीयन कराएं अथवा जिला रोजगार कार्यालय कोरबा से संपर्क करें।
4 मई से शुरू होगा प्रशिक्षण
जानकारी के अनुसार अभ्यर्थियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आगामी 4 मई 2026 से प्रारंभ किया जाएगा। ऐसे में युवाओं से समय रहते आवेदन कर इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाने की अपील की गई है।

