समता कॉलोनी स्थित आवास पर छह सदस्यीय टीम ने की जांच-पड़ताल, महादेव 364 पैनल के संचालन से जुड़ा है आरोपी का नाम; सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद जांच ने पकड़ी रफ्तार
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। सट्टा नेटवर्क के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को भारत लाए जाने के बाद अब जांच एजेंसी ने रायपुर में एक और कार्रवाई की है। शुक्रवार को सीबीआई की टीम ने जेल में बंद आरोपी मोहित सोमानी के समता कॉलोनी स्थित आवास पर दबिश दी। इस दौरान टीम ने घर में मौजूद दस्तावेजों और अन्य जानकारियों की जांच-पड़ताल की। महादेव सट्टा सिंडिकेट में मोहित का नाम ऑपरेटर के रूप में सामने आया था।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को करीब छह सदस्यीय सीबीआई टीम समता कॉलोनी स्थित मोहित सोमानी के घर पहुंची। जांच एजेंसी ने वहां पहुंचकर विभिन्न दस्तावेजों और संबंधित जानकारियों को खंगाला। बताया जा रहा है कि मोहित सोमानी महादेव 364 पैनल का संचालन करता था। ऑनलाइन सट्टे के इस नेटवर्क में उसकी भूमिका को लेकर जांच की जा रही है। मोहित सोमानी को नवंबर 2024 में रायपुर पुलिस ने कोलकाता के न्यू टाउन इलाके से गिरफ्तार किया था। जांच में उसका संबंध महादेव ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से सामने आया था। फिलहाल उसके रायगढ़ जेल में बंद होने की जानकारी है। अब सीबीआई द्वारा उसके आवास पर की गई कार्रवाई को मामले की जांच से जोड़कर देखा जा रहा है।
सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद बढ़ी हलचल
महादेव सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत लाए जाने के बाद सीबीआई ने उससे पूछताछ की थी। आठ दिन की सीबीआई हिरासत पूरी होने पर 12 नवंबर को रायपुर की विशेष सीबीआई अदालत ने उसे 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इसके बाद जांच एजेंसी ने रायपुर में मोहित सोमानी के ठिकाने पर दबिश दी है। माना जा रहा है कि सट्टा नेटवर्क से जुड़े लोगों और उसकी कार्यप्रणाली के संबंध में जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
ईडी भी सौरभ चंद्राकर से करेगी पूछताछ
इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई भी आगे बढ़ रही है। सीबीआई अदालत से न्यायिक हिरासत मिलने के बाद ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सौरभ चंद्राकर को पेश कराने के लिए प्रोडक्शन वारंट हासिल किया है। 13 नवंबर को सुबह 11 बजे उसकी पीएमएलए अदालत में पेशी प्रस्तावित है। ईडी की ओर से उसकी गिरफ्तारी और हिरासत में लेकर पूछताछ की मांग किए जाने की जानकारी है। मोहित सोमानी के घर सीबीआई की दबिश और सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के बीच महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले की जांच में आगे और जानकारियां सामने आने की संभावना है। फिलहाल जांच एजेंसियां इस नेटवर्क से जुड़े लोगों और उनकी कथित भूमिका की पड़ताल कर रही हैं।
महादेव सट्टा एप मामले में सौरभ चंद्राकर को 8 दिन की CBI रिमांड दिल्ली में होगी पूछताछ

