निर्माण कार्यों में देरी बर्दाश्त नहीं, गुणवत्ता से समझौता हुआ तो तय होगी जिम्मेदारी : आयुक्त आशुतोष पाण्डेय

      Date:

      • निगम आयुक्त ने अधिकारियों और जोन कमिश्नरों की बैठक लेकर विकास कार्यों की समीक्षा की, सुबह 7 से 9 बजे तक सफाई व्यवस्था की निगरानी के निर्देश; छठ घाटों पर सुरक्षा और पेयजल आपूर्ति को लेकर भी सख्ती

      कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। नगर निगम क्षेत्र में विकास एवं निर्माण कार्यों की धीमी रफ्तार और व्यवस्थाओं में लापरवाही को लेकर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने स्पष्ट किया है कि विकास एवं निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित करें तथा निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्यों में लापरवाही और निर्धारित मानकों की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

          आयुक्त ने गुरुवार को नगर निगम के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत स्थित एमआईसी कक्ष में जोन कमिश्नरों, अभियंताओं और अधिकारियों की बैठक लेकर विकास एवं निर्माण कार्यों, पेयजल आपूर्ति, साफ-सफाई, सड़क रोशनी व्यवस्था तथा नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की। बैठक में जिला खनिज न्यास, अधोसंरचना मद, आदिवासी विकास प्राधिकरण, सांसद एवं विधायक मद, प्रभारी मंत्री मद, वित्त आयोग, एनकेप, सीएसआर, निगम मद, महापौर मद और पार्षद मद सहित विभिन्न मदों से स्वीकृत एवं प्रस्तावित विकास कार्यों की जोनवार समीक्षा की गई। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन वार्डों और बस्तियों में विकास कार्यों को स्वीकृति मिल चुकी है, उनकी निविदा सहित सभी आवश्यक प्रक्रियाएं नियमानुसार समय पर पूरी की जाएं। नए स्वीकृत कार्यों को शुरू करने में अनावश्यक विलंब न हो और निर्माण कार्यों में अपेक्षित गति बनाए रखी जाए। उन्होंने कहा कि केवल कार्य शुरू करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी गुणवत्ता और समयसीमा का पालन भी अनिवार्य है।

          सुबह 7 से 9 बजे तक सफाई की निगरानी करेंगे जोन कमिश्नर

          शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर आयुक्त ने सभी जोन कमिश्नरों को विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जोन कमिश्नर स्वयं तथा उनके अधीनस्थ अभियंता प्रतिदिन सुबह 7 से 9 बजे तक अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई कार्यों की नियमित निगरानी करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल सफाई कर्मचारियों की तैनाती कर देना पर्याप्त नहीं है। वास्तविक रूप से सफाई होनी चाहिए और उसका असर सड़कों तथा सार्वजनिक स्थानों पर दिखाई देना चाहिए। निर्धारित बीट के अनुसार सफाई कराई जाए और जोन कमिश्नर स्वयं इसकी पुष्टि करें। सार्वजनिक स्थानों और सड़कों पर कचरा दिखाई देने की स्थिति में संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।

          छठ घाटों पर सुरक्षा और रोशनी के पुख्ता इंतजाम हों

          आगामी छठ पूजा को देखते हुए आयुक्त ने घाटों पर की जा रही तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। घाटों पर बांस-बल्ली लगाकर मजबूत सुरक्षा इंतजाम किए जाएं। इसके साथ ही चेंजिंग रूम, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था हो, ताकि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

          पेयजल की गुणवत्ता जांच में लापरवाही नहीं चलेगी

          जल आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने कहा कि शहर के सभी वार्डों और बस्तियों में निर्धारित मानकों के अनुरूप नियमित रूप से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने बताया कि निगम द्वारा कच्चे पानी को वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में उपचारित कर क्लोरीनयुक्त पानी की आपूर्ति की जाती है। इसके बावजूद पाइपलाइनों में टूट-फूट होने पर बाहरी गंदा पानी पेयजल में मिलकर उसे दूषित कर सकता है। इसलिए वितरण पाइपलाइनों का लगातार निरीक्षण किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि पाइपलाइन के अंतिम छोरों से प्रतिदिन पानी के नमूने लेकर मौके पर जांच की जाए। जहां कहीं भी पाइपलाइन में लीकेज या टूट-फूट मिले, वहां तत्काल मरम्मत कराई जाए। पेयजल की शुद्धता और नागरिकों के स्वास्थ्य के मामले में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

          स्ट्रीट लाइट बंद मिली तो तत्काल कराएं मरम्मत

          शहर की प्रकाश व्यवस्था को लेकर भी आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी जोन के मुख्य मार्गों और संपर्क सड़कों पर लगी स्ट्रीट लाइटें रात के समय नियमित रूप से जलनी चाहिए। खराब लाइटों को तत्काल बदलने अथवा उनकी मरम्मत कराने की व्यवस्था की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि दिन के समय स्ट्रीट लाइटें जलने की शिकायतें सामने आती हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए सुनिश्चित किया जाए कि शाम को निर्धारित समय पर लाइटें चालू हों और सुबह समय पर बंद कर दी जाएं। इससे विद्युत की अनावश्यक खपत पर भी रोक लगेगी। बैठक में अपर आयुक्त पवन वर्मा, अधीक्षण अभियंता भूषण उरांव, जोन कमिश्नर एवं कार्यपालन अभियंता तपन तिवारी, राकेश मसीह, अखिलेश शुक्ला, लीलाधर पटेल, सुनील टांडे सहित विभिन्न विभागों के सहायक अभियंता, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। आयुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें और विकास कार्यों के साथ-साथ नागरिक सुविधाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें।

          ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 का शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पालन अनिवार्य : आयुक्त

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related