रायपुर/कोरिया (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिला में भाजपा नेता सहित तीन लोगों की सनसनीखेज हत्या के मामले में राज्य सरकार ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मंजूरी दे दी है। पीड़ित परिवार लगातार मामले की सीबीआई जांच की मांग कर रहा था।

बता दे की 16 जून की रात नौगई गांव में रेत तस्करी विवाद को लेकर आरोपियों ने एक फॉर्च्यूनर वाहन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। वाहन में एक ही परिवार के पांच लोग सवार थे। इस घटना में भाजपा नेता भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह और नागेंद्र सिंह की जलने से मौत हो गई, जबकि आरोपियों ने लल्ला सिंह के भाई की धारदार हथियार से हत्या कर दी। मामले में अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। बताया जा रहा है कि अवैध रेत खनन और उससे होने वाली वसूली को लेकर लंबे समय से दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। चिरमी रेत घाट के संचालन और अवैध रेत परिवहन से वसूली को लेकर तनाव लगातार बढ़ता गया, जो बाद में खूनी संघर्ष में बदल गया।
पुरानी रंजिश बनी तिहरे हत्याकांड की वजह
मामले में सामने आया है कि भाजपा नेता लल्ला सिंह और आरोपी पक्ष के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। वाहन में हूटर लगाने की शिकायत पर पुलिस कार्रवाई और उसके बाद हुई मारपीट ने दोनों पक्षों के बीच तनाव को और बढ़ा दिया। इसी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद प्रदेशभर में मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। अब राज्य सरकार द्वारा सीबीआई जांच की मंजूरी दिए जाने के बाद पूरे मामले की विस्तृत जांच केंद्रीय एजेंसी करेगी।
रेत तस्करी विवाद में भाजपा नेता समेत तीन की जिंदा जलाकर हत्या, चार आरोपियों की हुई गिरफ्तारी

