बीच सड़क वारदात के बाद आरोपी फरार, पति से अलग रह रही थी महिला
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। रायपुर में एक युवक ने अपनी प्रेमिका पर पेट्रोल डालकर बीच सड़क पर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसी महिला को आसपास के लोगों ने आग बुझाकर मेकाहारा अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतका की पहचान आरंग निवासी राजकुमारी साहू के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक राजकुमारी और आरोपी वीरू धीवर के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। महिला शादीशुदा थी और पति से अलग रह रही थी। घटना माना थाना क्षेत्र की है। रविवार रात आरोपी ने राजकुमारी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग की लपटों में घिरी महिला मदद के लिए चिल्लाने लगी। आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और किसी तरह आग बुझाई। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार वीरू और राजकुमारी के बीच वर्ष 2021 से पहले से संबंध थे। इसी साल वीरू ने राजकुमारी की सास पर फावड़े से हमला किया था। इस मामले में उसके खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा में अपराध दर्ज हुआ था। पुलिस अब आरोपी की तलाश कर रही है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की पूरी सच्चाई सामने लाने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात के समय मौके पर कौन-कौन मौजूद था और घटना के बाद आरोपी किस रास्ते से फरार हुआ। पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

