सीएमपीडीआई के निदेशक (तकनीकी) नृपेंद्र नाथ को मिली नई जिम्मेदारी, एसईसीएल अधिकारियों ने किया स्वागत
बिलासपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। सेंट्रल माइन प्लानिंग एंड डिजाइन इंस्टीट्यूट लिमिटेड (सीएमपीडीआई) के निदेशक (तकनीकी) नृपेंद्र नाथ ने साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के निदेशक (तकनीकी)-योजना/परियोजना का अतिरिक्त प्रभार संभाल लिया है। एसईसीएल परिवार ने नई जिम्मेदारी मिलने पर उनका स्वागत करते हुए बधाई और शुभकामनाएं दीं। पदभार ग्रहण करने के बाद नृपेंद्र नाथ ने एसईसीएल के निदेशक तकनीकी (संचालन) रमेश चंद्र महापात्र से सौजन्य भेंट की। इस दौरान बड़ी संख्या में विभागाध्यक्ष और अधिकारी मौजूद रहे।

नृपेंद्र नाथ ने वर्ष 1988 में आईआईटी (आईएसएम), धनबाद से स्नातक की उपाधि प्राप्त की। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड के एनके क्षेत्र से की और विश्व बैंक सहायता प्राप्त केडीएच परियोजना में करीब दो दशक तक महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। उन्होंने ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड की विभिन्न खदानों में परियोजना अधिकारी तथा सीसीएल के मगध-संघमित्रा क्षेत्र के क्षेत्रीय महाप्रबंधक सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। उनके कार्यकाल में मगध-संघमित्रा क्षेत्र ने 20 मिलियन टन उत्पादन क्लब में स्थान बनाया। नृपेंद्र नाथ को खान सुरक्षा, परियोजना क्रियान्वयन और खनन योजना का भी व्यापक अनुभव है। उन्होंने कोल इंडिया की विभिन्न अनुषंगी कंपनियों में खान सुरक्षा प्रशिक्षण देने के साथ सुरक्षा प्रबंधन योजनाओं के निर्माण और क्रियान्वयन में योगदान दिया है। वर्ष 2024 में वे एजीटीएमपी प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में यूरोप के कई देशों के दौरे पर भी गए। वर्तमान में वे सीएमपीडीआई के निदेशक (तकनीकी) हैं और 31 अक्टूबर 2025 को उन्होंने यह पदभार संभाला था।

