कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। महापौर संजूदेवी राजपूत ने निगम के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत स्थित विभिन्न विभागों एवं शाखाओं का औचक निरीक्षण कर कार्यालयीन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय कक्षों की स्वच्छता, साफ-सफाई, दस्तावेजों एवं नस्तियों के व्यवस्थित संधारण तथा आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

महापौर ने निर्माण, स्थापना, लेखा, राजस्व, योजना, भवन निर्माण, संपदा, सम्पत्तिकर, स्वच्छता, जलकर, स्टेशनरी, जन्म-मृत्यु पंजीयन, कैश, विधि, जनसंपर्क, स्टोर, उद्यान, विद्युत विभाग, डाटा सेंटर एवं परिषद शाखा सहित विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। इस दौरान अपर आयुक्त, उपायुक्त एवं अधीक्षण अभियंता कक्षों सहित अन्य कार्यालयों की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान महापौर श्रीमती राजपूत ने अधिकारी-कर्मचारियों को कार्यस्थल की स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि जिस स्थान पर बैठकर कार्य किया जाता है, वहां साफ-सफाई और व्यवस्थित वातावरण प्राथमिकता में होना चाहिए। उन्होंने कार्यालयीन नस्तियों और दस्तावेजों को सुव्यवस्थित ढंग से संधारित करने पर भी बल दिया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर संबंधित अभिलेख आसानी से उपलब्ध हो सकें। महापौर ने विभिन्न शाखाओं में आवश्यकतानुसार मरम्मत कार्य, कूलर, कुर्सी, टेबल सहित अन्य फर्नीचर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही निरीक्षण के दौरान कार्यस्थल से अनुपस्थित पाए गए अधिकारी-कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
आम नागरिकों की सुविधा पर भी जोर
महापौर श्रीमती राजपूत ने निगम कार्यालय पहुंचने वाले आम नागरिकों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि नागरिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए तथा उनकी समस्याओं और कार्यों का संतोषजनक निराकरण प्राथमिकता से किया जाए।
नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम : महापौर

