भगवान विश्वकर्मा की प्रेरणा से श्रम और सृजन के सम्मान के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए हम संकल्पित : मुख्यमंत्री
बीरगांव में भगवान विश्वकर्मा पूजा एवं किसान-मजदूर सम्मान समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री, बोले- किसान और श्रमिक विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की मजबूत नींव, उनके कल्याण और समृद्धि के लिए सरकार प्रतिबद्ध

रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों से अपने-अपने घरों में ‘आशीर्वाद का दीप’ जलाकर प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री बीरगांव के बुधवारी बाजार मैदान में आयोजित भगवान विश्वकर्मा पूजा एवं किसान-मजदूर सम्मान समारोह को संबोधित किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा श्रम, कौशल और सृजन के प्रतीक हैं। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन सेवा, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण को समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन से शुरू हो रहा सेवा संकल्प अभियान लोगों को सेवा और जनभागीदारी की भावना से जुड़ने का अवसर देता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान के परिश्रम से अन्न का उत्पादन होता है, जबकि श्रमिकों के श्रम से सड़क, भवन, उद्योग और अन्य आधारभूत संरचनाओं का निर्माण होता है। विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में किसान, मजदूर, कारीगर और शिल्पकारों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सरकार श्रमिकों और उनके परिवारों की सुरक्षा, शिक्षा और आर्थिक मजबूती के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है। उन्होंने श्रमिक परिवारों के प्रतिभाशाली बच्चों के लिए संचालित अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके तहत 200 बच्चों को निजी आवासीय विद्यालयों में शिक्षा का अवसर दिया जा रहा है। महिलाओं को ई-रिक्शा के माध्यम से स्वरोजगार से जोड़ने की पहल की जानकारी भी उन्होंने दी। कार्यक्रम में कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा तथा रोजगार एवं अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, धरसींवा विधायक अनुज शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, किसान, श्रमिक और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
किसानों की आय बढ़ाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की समृद्धि से ही गांव और प्रदेश मजबूत होगा। सरकार किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीद रही है। उन्होंने सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और किसानों की आय बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए महतारी वंदन योजना सहित विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। स्व-सहायता समूहों के माध्यम से भी महिलाओं को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
बीरगांव में ढाई साल में 175 करोड़ के विकास कार्य
मुख्यमंत्री ने बताया कि बीरगांव नगर निगम क्षेत्र में पिछले ढाई वर्षों के दौरान लगभग 175 करोड़ रुपए के विकास कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सड़क, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों के जरिए नगरीय अधोसंरचना को मजबूत किया जा रहा है। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 76 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने सम्मानित लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अपने क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाली प्रतिभाएं समाज और प्रदेश के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। मुख्यमंत्री ने बस्तर में विकास, रोजगार और पर्यटन की संभावनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों को मूलभूत सुविधाओं से जोड़ने के साथ स्थानीय युवाओं और जनजातीय परिवारों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर सरकार का ध्यान है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जलाया ‘आशीर्वाद का दीया’

