कोटा (एजेंसी)। राजस्थान के कोटा में रविवार की दरम्यानी रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के नौ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में दो मासूम बच्चियां भी शामिल हैं। परिवार के सभी सदस्य धार्मिक यात्रा पूरी कर खाटूश्यामजी से महाराष्ट्र लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी तेज रफ्तार क्रूजर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि क्रूजर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। हादसे में ट्रक चालक सहित सात लोग घायल हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना कोटा-उदयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर नाता थाना क्षेत्र के शंभूपुरा गांव के पास शनिवार देर रात करीब एक बजे हुई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में फंसे घायलों और मृतकों को बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी को न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने आठ लोगों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल एक महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। बताया गया कि महाराष्ट्र के धुले जिले का यह परिवार मंगलवार को धार्मिक यात्रा पर निकला था। परिवार के कुल 36 सदस्य तीन अलग-अलग वाहनों में सवार थे। यात्रा की शुरुआत मध्य प्रदेश के ओंकारेश्वर और उज्जैन में दर्शन से हुई। इसके बाद सभी राजस्थान पहुंचे और सांवरिया सेठ, अजमेर तथा पुष्कर के धार्मिक स्थलों पर दर्शन किए। शनिवार सुबह करीब 11 बजे परिवार खाटूश्यामजी पहुंचा था।
खाटूश्यामजी में दर्शन करने के बाद सभी वापस महाराष्ट्र के लिए रवाना हुए। रास्ते में जयपुर में रात करीब 10:30 बजे परिवार के सदस्यों ने भोजन किया। इसके बाद तीनों वाहन अलग-अलग समय पर आगे बढ़े। सबसे आगे चल रही क्रूजर शंभूपुरा गांव के पास हादसे का शिकार हो गई। पीछे आ रहे परिजनों को दुर्घटना की जानकारी फोन के माध्यम से मिली। सूचना मिलते ही वे घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन तब तक कई लोगों की जान जा चुकी थी। इस दुर्घटना में सज्जन पवार (62), उनकी पत्नी उषा बाई (60), बाबूलाल पवार (75), उनकी पत्नी सुशीला (62), कैलाश (35), उनकी पत्नी अनीता (34), सात वर्षीय जाह्नवी, माधवी (32) और तीन वर्षीय सानवी की मौत हुई है। मृतकों में बुजुर्ग दंपती, युवा दंपती और मासूम बच्चियां शामिल हैं। सज्जन और बाबूलाल आपस में भाई थे। एक ही परिवार के इतने सदस्यों की मौत से महाराष्ट्र के धुले में शोक की लहर है।
चालक को झपकी आने की आशंका
कोटा की पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने बताया कि क्रूजर में एक ही परिवार के सदस्य सवार थे, जो खाटूश्यामजी के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि लंबी यात्रा के दौरान चालक को झपकी आने से वाहन अनियंत्रित हुआ और सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है। न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल के अधीक्षक डॉ. आशुतोष शर्मा के मुताबिक, आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक महिला ने अस्पताल में दम तोड़ा। हादसे में घायल लोगों का उपचार जारी है। इनमें एक महिला की हालत गंभीर होने के कारण उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है। दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से घटना की जानकारी ली।
शवों को महाराष्ट्र भेजने की व्यवस्था
कोटा के उपखंड अधिकारी कपिल शर्मा ने बताया कि सभी नौ मृतकों का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है। जिला प्रशासन की ओर से मृतकों के शवों को कोटा से महाराष्ट्र के धुले तक पहुंचाने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। प्रशासन घायलों के उपचार और परिजनों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में जुटा है।
राष्ट्रपति ने भी जताया शोक
कोटा में हुए इस दर्दनाक हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। धार्मिक यात्रा के दौरान परिवार के सदस्यों ने अलग-अलग तीर्थस्थलों पर तस्वीरें खिंचवाई थीं। यात्रा के दौरान उनके हंसते-खेलते और वाहन में नाचते हुए वीडियो भी सामने आए हैं। किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि खुशियों के साथ शुरू हुआ यह सफर इतना दर्दनाक अंत लेकर आएगा। घर लौटने की उम्मीद लगाए बैठे परिवार के नौ सदस्य कभी वापस नहीं लौट सकेंगे। हादसे ने कई परिवारों को ऐसा जख्म दिया है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।
रायपुर- नागपुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसे में 8 लोगों की मौत, 3 घायल

