सड़क से करीब 50 मीटर दूर जाकर पलटी गाड़ी, टक्कर इतनी जबरदस्त कि टूटकर बिखर गए पहिए और वाहन के कई हिस्से; तड़के चार बजे हुआ हादसा
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। कटघोरा-बांकीमोंगरा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार तड़के एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर के बाद वाहन सड़क से करीब 50 मीटर दूर जाकर पलट गया। इस दर्दनाक हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो क्रमांक CG 12 BV 8131 में सवार होकर दोनों युवक चाकाबुड़ा से बांकीमोंगरा की ओर जा रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब चार बजे शुक्लाखार चौक से बांकीमोंगरा की ओर मुख्य मार्ग पर अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो की रफ्तार काफी तेज थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और हादसा हो गया। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पेड़ से टकराने के बाद स्कॉर्पियो सड़क से दूर जाकर पलट गई। टक्कर के कारण वाहन के दोनों एयरबैग खुल गए। वहीं, गाड़ी के पहिए और कई अन्य हिस्से टूटकर अलग हो गए। आसपास मौजूद लोगों के मुताबिक, टक्कर की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी।
एक की मौत, दूसरा जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही आपातकालीन टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने रूपेश पटेल को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल आर्यन गोंड को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती किया गया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
चाकाबुड़ा का रहने वाला था मृतक
मृतक की पहचान रूपेश पटेल के रूप में हुई है। वह दिलीप पटेल का पुत्र था और ग्राम चाकाबुड़ा का निवासी था। वहीं, घायल आर्यन गोंड, ओमप्रकाश गोंड का पुत्र है। वह ग्राम बुंदेली का रहने वाला है। दोनों युवकों की उम्र 18 वर्ष बताई गई है। फिलहाल हादसे के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
तेज रफ्तार भारी वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को कुचला, मौके पर मौत

