हथिनी की मौत के बाद सबूत मिटाने के लिए स्टॉप डैम में फेंके तार
सरगुजा (AkhandBharatHNKP.Com)। फसल को जंगली जानवरों से बचाने के लिए खेतों में बिछाया गया करंट का जाल एक सात वर्षीय हथिनी की मौत का कारण बन गया। सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मणगढ़ जंगल में हथिनी की मौत के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
वन विभाग के अनुसार, तीन दिन पहले लक्ष्मणगढ़ जंगल में सात वर्षीय हथिनी का शव मिला था। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए करीब 12 संदिग्ध ग्रामीणों से पूछताछ की गई। जांच के दौरान सामने आया कि कुछ ग्रामीणों ने अपनी फसल को जंगली जानवरों से बचाने के लिए खेत के आसपास बिजली का तार बिछाकर उसमें करंट प्रवाहित किया था। इसी करंट की चपेट में आने से हथिनी की मौत हो गई। जांच में पता चला कि घटनास्थल से करीब 700 मीटर दूर गन्ने की बाड़ी में बिजली के खंभे से तार जोड़कर करंट प्रवाहित किया जाता था। आरोपी भरोस मंझवार शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच तार जोड़ता था और सुबह लगभग 4 बजे उसे हटा देता था। इस तरह रात के अंधेरे में करंट का जाल बिछाया जाता था और सुबह होने से पहले उसे हटा दिया जाता था, ताकि किसी को इसकी जानकारी न हो सके। घटना वाले दिन जगमोहन मंझवार अपने खेत से घटनास्थल तक करंट प्रवाहित तार लेकर गया था। इसी दौरान हथिनी उसकी चपेट में आ गई और करंट लगने से उसकी मौत हो गई।
हथिनी की मौत के बाद आरोपियों ने घटना के साक्ष्य छिपाने का प्रयास भी किया। रतनराम मंझवार, बुधराम मंझवार और पारस मंझवार ने करंट प्रवाहित तार को निकालकर स्टॉप डैम में फेंक दिया, ताकि किसी को घटना के संबंध में कोई सुराग न मिल सके। हालांकि, वन विभाग की जांच में पूरे मामले का खुलासा हो गया। वन विभाग की टीम ने मामले में सुखरीभंडार गांव के पांच ग्रामीणों को गिरफ्तार किया है। इनमें जगमोहन मंझवार (41), भरोस मंझवार (41), पारस मंझवार (41), बुधराम मंझवार (41) और रतनराम मंझवार (37) शामिल हैं। रेंजर फेंकू चौबे ने बताया कि वन विभाग की टीम ने मामले की विस्तृत जांच के बाद पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
हसदेव नदी में मिला बेबी एलीफेंट का शव

