अंडर-19 टीम ने हासिल किया रजत, भारतीय टीम बनी ओवरऑल चैंपियन
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। नेपाल के पोखरा में आयोजित इंडो-नेपाल इंटरनेशनल खो-खो टूर्नामेंट में आर्यन पब्लिक स्कूल उरगा, कोरबा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। 29 से 31 जुलाई तक आयोजित प्रतियोगिता में स्कूल की अंडर-17 टीम ने स्वर्ण पदक, जबकि अंडर-19 टीम ने रजत पदक हासिल किया।
अंडर-17 टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। वहीं अंडर-19 टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक पहुंचकर रजत पदक जीता। प्रतियोगिता में भारत के विभिन्न राज्यों से करीब 216 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के चलते भारत ने ओवरऑल चैंपियनशिप भी अपने नाम की। विद्यालय के खिलाड़ी राहुल मैत्री, जय महंत, भूपेन्द्र कंवर, संगम वीर लहरे, सौरभ बघेल, दुर्गेश पटेल, अभिनव भारती, उत्कर्ष चंद्रा, सियोन तिग्गा, आर्यन कुर्रे, अनिमेष मार्टिन, अक्षय जयताड़े, अनिश राज और विवेक प्रधान ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। टीम ने यह सफलता कोच सुनील कुमार यादव के मार्गदर्शन में हासिल की। विद्यालय प्रबंधन ने सभी खिलाड़ियों और कोच को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

