कोरिया में रेत कारोबार विवाद में भाजपा नेता की जिंदा जलाकर हत्या, भाई समेत तीन घायल

      Date:

      कोरिया (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में रेत कारोबार को लेकर चल रहे विवाद ने बुधवार देर रात हिंसक रूप ले लिया। सोनहत थाना क्षेत्र के नौगई गांव में भाजपा के पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष और वरिष्ठ नेता भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह की कथित तौर पर जिंदा जलाकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात में उनके भाई समेत तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज अंबिकापुर के निजी अस्पताल में जारी है।

          कोरिया

          जानकारी के अनुसार, नौगई रेत घाट के संचालन और अवैध खनन को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि देर रात करीब 12 बजे विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने भरत सिंह के घर के बाहर खड़ी उनकी फॉर्च्यूनर कार को घेर लिया। इसके बाद कार के सामने डंपर लगाकर रास्ता रोका गया और वाहन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई। उस समय भरत सिंह कार के अंदर मौजूद थे और आग की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के दौरान कार में सवार उनके भाई नागेंद्र सिंह, रायपुर निवासी वीरू सिंह और एक अन्य व्यक्ति किसी तरह बाहर निकलने में सफल हो गए। आरोप है कि बाहर निकलते ही हमलावरों ने तीनों की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अंबिकापुर रेफर किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा रेंज के आईजी दीपक झा देर रात ही मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी है।

          पहले भी हुआ था विवाद

          बताया जा रहा है कि रेत घाट को लेकर दोनों पक्षों के बीच पिछले दो दिनों से तनाव बना हुआ था और एक दिन पहले भी विवाद के बाद एफआईआर दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने इस मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। स्थानीय स्तर पर प्रभावशाली नेता माने जाने वाले भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह की हत्या के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस पूरे मामले के हर पहलू की जांच में जुटी हुई है।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related