कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा नीट (यूजी) 2026 की पुनर्परीक्षा के सफल एवं सुचारू आयोजन को लेकर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर कुणाल दुदावत और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने की। इस दौरान परीक्षा केंद्राध्यक्षों के साथ परीक्षा संचालन से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सभी केंद्राध्यक्षों से परीक्षा केंद्रों में की गई तैयारियों की जानकारी लेते हुए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, जैमर और अन्य जरूरी संसाधन समय रहते उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही विद्युत विभाग को परीक्षा अवधि के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने और वैकल्पिक व्यवस्था तैयार रखने को कहा गया। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को सभी परीक्षा केंद्रों में मेडिकल टीम तैनात करने के निर्देश दिए। साथ ही अभिभावकों की सुविधा के लिए परीक्षा केंद्रों के बाहर बैठने की व्यवस्था, पेयजल और मोबाइल टॉयलेट उपलब्ध कराने के निर्देश भी जारी किए गए। उन्होंने परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक आसानी से पहुंचाने के लिए ऑटो चालकों को निर्धारित और उचित किराया लेने के निर्देश देने की बात कही।
शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराएं परीक्षा
बैठक में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने परीक्षा की गोपनीयता, निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने परीक्षार्थियों की पहचान सत्यापन, सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था और परीक्षा सामग्री के सुरक्षित रखरखाव एवं वितरण को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी केंद्राध्यक्ष आपसी समन्वय के साथ परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराएं। बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में नीट (यूजी) 2026 पुनर्परीक्षा 21 जून 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी। परीक्षा से एक दिन पहले 20 जून को सभी परीक्षा केंद्रों में मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी, जिसमें सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश प्रक्रिया और तकनीकी तैयारियों का परीक्षण किया जाएगा।

