सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निराकरण हेतु किया निर्देशित, लापरवाह अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने विभिन्न विभागों के कार्यों, लंबित प्रकरणों और शासकीय योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी लंबित मामलों का त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्यों में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी और तय समय-सीमा में सभी कार्य पूरे किए जाएं।
बैठक में कलेक्टर ने “विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” अभियान के तहत जिले के सभी अनुविभागों में 18 से 20 जून तक तीन दिवसीय वृहद पंजीयन शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी एसडीएम को शिविरों के लिए उपयुक्त स्थान चयनित कर आवश्यक संसाधन और व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही स्पष्ट किया कि शिविर केवल पंजीयन तक सीमित न रहें, बल्कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनें। कलेक्टर ने खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों के लिए खाद की उपलब्धता, भंडारण और वितरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को खाद वितरण में तेजी लाने और किसानों तक समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने वितरण की नियमित निगरानी और प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। इसके अलावा किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से ऋण वितरण में भी तेजी लाने के निर्देश दिए गए। बैठक में जुलाई माह के राशन वितरण की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को माह समाप्ति तक सभी सोसायटियों में खाद्यान्न का पूरा भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि हितग्राहियों को समय पर राशन उपलब्ध कराया जा सके। बैठक में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, वन विभाग, नगर निगम, जिला पंचायत, सभी एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, नगरीय निकायों के अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
किसानों का पंजीयन, ई-केवाईसी और पाठ्यपुस्तक वितरण में लाई जाए तेजी
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने शेष पात्र किसानों का पंजीयन शीघ्र पूरा करने, ई-केवाईसी, आधार सीडिंग और भूमि सीडिंग जैसे लंबित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत नगरीय क्षेत्रों के अधिक से अधिक स्ट्रीट वेंडरों को योजना से जोड़ने और लाभ दिलाने के लिए विशेष प्रयास करने को कहा गया। ग्रामीण क्षेत्रों में भी पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उन्हें योजना का लाभ देने के निर्देश जनपद पंचायतों को दिए गए। शाला प्रवेश उत्सव के बाद विद्यालयों में विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तक और गणवेश वितरण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने इसे जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पुस्तकों की स्कैनिंग प्रक्रिया भी समय-सीमा में पूरी की जाए, ताकि विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
जन शिकायतों के निराकरण में देरी बर्दाश्त नहीं, दिए सख्त निर्देश
सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर लंबित शिकायतों और आवेदनों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए। उन्होंने धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में डीएमएफ अंतर्गत स्वीकृत और प्रगतिरत कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधूरे कार्यों को तेजी से पूरा कराने, मुख्यमंत्री घोषणाओं और जनप्रतिनिधियों द्वारा स्वीकृत कार्यों के प्राक्कलन तैयार कर तकनीकी स्वीकृति के लिए शीघ्र भेजने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर ने सुशासन तिहार के तहत प्राप्त आवेदनों और टीएल के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
जनदर्शन में 141 आवेदनों पर सुनवाई, कलेक्टर कुणाल दुदावत ने त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

