कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले में अवैध खनन और रेत के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए खनिज विभाग द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन की इस मुहिम से खनिज माफियाओं में हड़कंप की स्थिति बन गई है। विशेष अभियान के तहत खनिज विभाग ने एक डंपर, दो ट्रैक्टर जब्त करने के साथ-साथ तीन अलग-अलग स्थानों पर अवैध रूप से भंडारित कुल 1620 घनमीटर रेत को भी कब्जे में लिया है।

कलेक्टर के निर्देश तथा खनि प्रशासन के अधिकारियों के मार्गदर्शन में जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के उद्देश्य से 24 जून को विशेष अभियान चलाया गया। इसके लिए गठित खनिज जांच दल ने जिले के कई संदिग्ध क्षेत्रों में पहुंचकर व्यापक स्तर पर जांच की।अभियान के दौरान सलिहाभाटा, भैसामुड़ा, कटबिटला, कुदमुरमाल, सोनपुरी-सीतामढ़ी, बरमपुर, राताखार, पोड़ी, कछार, चुहिया, बालको, कसनिया, कटघोरा सहित अन्य स्थानों पर दबिश दी गई। जांच के दौरान अवैध रूप से रेत का उत्खनन और परिवहन करते पाए गए वाहनों पर कार्रवाई करते हुए बरमपुर, राताखार और कसनिया क्षेत्र से एक डंपर तथा दो ट्रैक्टर जब्त किए गए। जब्त वाहनों को सर्वमंगला पुलिस चौकी, रामपुर थाना तथा खनिज जांच चौकी रामपुर-कटघोरा की निगरानी में रखा गया है।
तीन स्थानों से बड़ी मात्रा में रेत जब्त
कार्रवाई के दौरान कछार क्षेत्र में अवैध रूप से जमा किए गए रेत के दो बड़े भंडारण स्थलों का पता चला, जहां से 600 घनमीटर और 720 घनमीटर रेत जब्त की गई। वहीं सोनपुरी क्षेत्र में 300 घनमीटर रेत का एक अन्य अवैध भंडारण भी पकड़ा गया। इस प्रकार कुल 1620 घनमीटर अवैध रेत प्रशासन ने जब्त की है। खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी रोक लगाना, प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा शासन को होने वाले राजस्व नुकसान को रोकना है।
कोरबा में अवैध खनन पर खनिज विभाग का एक्शन, जेसीबी समेत 9 वाहन जब्त

