कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। महिला नगर सैनिकों की शिकायत पर छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग ने कड़ा रुख अपनाया है। जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में आयोग ने नगर सेना कोरबा के अधिकारियों को दो माह के भीतर मामले की जांच पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक की अध्यक्षता में हुई सुनवाई के दौरान लगभग 300 नगर सैनिकों द्वारा हस्ताक्षरित शिकायत पर विचार किया गया। शिकायत में नगर सेना के तत्कालीन कमांडेंट पर महिला नगर सैनिकों के साथ अनावश्यक सख्ती और सार्वजनिक रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग करने के आरोप लगाए गए। मामले में अब तक आंतरिक शिकायत समिति द्वारा जांच नहीं होने पर आयोग ने संबंधित सभी महिला नगर सैनिकों और अधिकारी के बयान दर्ज कर जांच कराने के निर्देश दिए। सुनवाई के दौरान वैवाहिक विवाद, भरण-पोषण, संपत्ति विवाद, कार्यस्थल पर प्रताड़ना और पारिवारिक मामलों से जुड़े कई अन्य प्रकरणों पर भी सुनवाई हुई। एक मामले में पति को पत्नी और बच्चे के भरण-पोषण के लिए प्रतिमाह 5 हजार रुपये देने का आदेश दिया गया। आयोग अध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं से जुड़े मामलों में त्वरित सुनवाई और प्रभावी कार्रवाई प्राथमिकता है। सभी संबंधित अधिकारियों को समयसीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

