रेलवे बोर्ड ने बढ़ाई ट्रेन की फ्रीक्वेंसी, बिलासपुर समेत कई प्रमुख स्टेशनों के यात्रियों को मिलेगा फायदा
बिलासपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। रेलवे बोर्ड ने उदयपुर-शालीमार एक्सप्रेस की फ्रीक्वेंसी बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। अब यह ट्रेन सप्ताह में एक दिन के बजाय दो दिन संचालित होगी। नई व्यवस्था लागू होने से बिलासपुर समेत उत्तर छत्तीसगढ़ के यात्रियों को राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच यात्रा के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
रेलवे की नई व्यवस्था के अनुसार गाड़ी संख्या 20971 उदयपुर-शालीमार एक्सप्रेस अब शनिवार और रविवार को चलेगी। वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 20972 शालीमार-उदयपुर एक्सप्रेस रविवार और सोमवार को संचालित होगी। उदयपुर-शालीमार एक्सप्रेस का ठहराव पेंड्रा रोड, अनूपपुर, शहडोल, बिलासपुर, चांपा, रायगढ़, झारसुगुड़ा और राउरकेला सहित कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर होता है। ऐसे में फ्रीक्वेंसी बढ़ने से इन क्षेत्रों के यात्रियों को काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
समय-सारणी में भी होगा बदलाव
रेलवे बोर्ड के आदेश के अनुसार ट्रेन की नई फ्रीक्वेंसी के साथ समय-सारणी में भी कुछ बदलाव किए जाएंगे। संबंधित विभागों को नई व्यवस्था जल्द लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। सप्ताह में दो दिन ट्रेन चलने से यात्रियों को टिकट और यात्रा की योजना बनाने में अधिक सुविधा मिलेगी। रेलवे की इस पहल से बिलासपुर और आसपास के यात्रियों को राजस्थान समेत मध्यप्रदेश, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के बीच रेल यात्रा के लिए एक अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध होगा।

