बालको प्रयोगशाला को मिली बीआईएस की मान्यता, गुणवत्ता उत्कृष्टता की दिशा में बड़ी उपलब्धि

      Date:

      • आठ प्रमुख एल्युमिनियम उत्पाद श्रेणियों का भी हुआ पुनःप्रमाणीकरण; परीक्षण क्षमता और उत्पादों की विश्वसनीयता को मिलेगी मजबूती

      बालकोनगर (AkhandBharatHNKP.Com)। एल्युमिनियम उत्पादन के क्षेत्र में गुणवत्ता और तकनीकी उत्कृष्टता को नई मजबूती देते हुए भारत एल्युमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। कंपनी की प्रयोगशाला को भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) की लेबोरेटरी रिकग्निशन स्कीम (एलआरएस) के तहत मान्यता प्रदान की गई है। यह मान्यता प्रयोगशाला की तकनीकी दक्षता और राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विभिन्न उत्पादों की गुणवत्ता जांच एवं परीक्षण करने की क्षमता को प्रमाणित करती है।

          बालको की प्रयोगशाला को आठ भारतीय मानकों के तहत यह मान्यता मिली है। इसके साथ ही कंपनी भारतीय एल्युमिनियम उद्योग की उन अग्रणी कंपनियों में शामिल हो गई है, जिन्हें इस प्रकार की मान्यता प्राप्त हुई है। इससे कंपनी की गुणवत्ता आश्वासन व्यवस्था और परीक्षण क्षमताओं को और मजबूती मिलेगी। साथ ही विनिर्माण प्रक्रियाओं के अलावा एल्युमिनियम उद्योग से जुड़े अन्य हितधारकों को भी इसका लाभ मिलने की उम्मीद है। प्रयोगशाला को बीआईएस मान्यता मिलने के साथ ही बालको ने अपने आठ प्रमुख उत्पादों के लिए बीआईएस का पुनःप्रमाणीकरण भी हासिल किया है। इनमें ईसी इंगट्स, अलॉय इंगट्स, प्राइमरी इंगट्स, वायर रॉड्स, एल्युमिनियम अलॉय रॉड्स, रोल्ड शीट्स, रोल्ड कंडक्टर प्लेट्स और सामान्य इंजीनियरिंग उपयोग के लिए रोल्ड प्लेट्स शामिल हैं। इन प्रमाणनों से कंपनी के गुणवत्ता प्रमाणित उत्पादों की श्रृंखला और मजबूत हुई है। प्रयोगशाला की नई मान्यता के बाद विभिन्न प्रकार के एल्युमिनियम उत्पादों का गुणवत्ता मूल्यांकन और परीक्षण करने की क्षमता भी बढ़ेगी।

          गुणवत्ता और ग्राहक विश्वास हमारी प्राथमिकता : राजेश सिंह

          बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक राजेश सिंह ने कहा कि भारत जब वैश्विक विनिर्माण महाशक्ति बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, तब गुणवत्ता, विश्वसनीयता और नवाचार उसकी प्रमुख पहचान होंगे। कंपनी की प्रयोगशाला को बीआईएस की मान्यता मिलना विश्वस्तरीय तकनीकी क्षमताओं के विकास, उत्पाद उत्कृष्टता और ग्राहक विश्वास के प्रति बालको की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता प्रणाली को लगातार मजबूत बनाकर कंपनी देश में एक सक्षम एल्युमिनियम उद्योग के विकास में योगदान दे रही है। इससे भारत के औद्योगिक विकास और ऊर्जा परिवर्तन से जुड़े लक्ष्यों को भी समर्थन मिलेगा।

          कई प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों को मिल रहे उत्पाद

          बालको देश के प्रमुख एल्युमिनियम उत्पादकों में शामिल है। कंपनी के उत्पादों का उपयोग विद्युतीकरण, परिवहन, ऑटोमोबाइल, निर्माण, इंजीनियरिंग, पैकेजिंग और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में किया जाता है। बीआईएस प्रमाणन उत्पादों की गुणवत्ता, सुरक्षा और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के साथ ग्राहकों का भरोसा बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

          अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों का भी अनुपालन

          बीआईएस मान्यता के अलावा बालको गुणवत्ता, पर्यावरण, ऊर्जा प्रबंधन और व्यावसायिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से जुड़े कई अंतरराष्ट्रीय मानकों का भी अनुपालन करता है। इनमें गुणवत्ता प्रबंधन के लिए आईएसओ 9001:2015, ऑटोमोबाइल क्षेत्र के उत्पादों के लिए आईएटीएफ 16949:2016, परीक्षण प्रयोगशालाओं की तकनीकी दक्षता के लिए आईएसओ/आईईसी 17025:2017 के तहत एनएबीएल प्रत्यायन, पर्यावरण प्रबंधन के लिए आईएसओ 14001:2015, ऊर्जा प्रबंधन के लिए आईएसओ 50001:2018 और व्यावसायिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के लिए आईएसओ 45001:2018 शामिल हैं। कंपनी का कहना है कि गुणवत्ता संबंधी बुनियादी ढांचे, आधुनिक परीक्षण सुविधाओं और प्रक्रियागत उत्कृष्टता में लगातार निवेश किया जा रहा है। इसका उद्देश्य ग्राहकों की बदलती जरूरतों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता वाले एल्युमिनियम उत्पाद उपलब्ध कराना और देश के विनिर्माण एवं औद्योगिक विकास में अपनी भूमिका को और मजबूत करना है।

          राज्योत्सव-2026 में बालको के प्रदर्शनी पैवेलियन को मिला तीसरा पुरस्कार, महिला नेतृत्व और तकनीकी नवाचार की दिखी झलक

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related