रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। प्रदेश के एकमात्र शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय में शिक्षकों की कमी का मामला सामने आया है। यहां सहायक प्राध्यापक और व्याख्याता के 29 पद रिक्त हैं। पिछले 22 वर्षों से इन पदों पर नियमित भर्ती नहीं हुई है। इसे लेकर नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर भर्ती प्रक्रिया तत्काल शुरू कराने की मांग की है।
डॉ. महंत के अनुसार, वर्ष 2003 में महाविद्यालय की स्थापना के समय 44 पद स्वीकृत किए गए थे। भर्ती के दौरान 26 अभ्यर्थियों का चयन हुआ था, जबकि 18 पद खाली रह गए थे। वर्ष 2004 में नियुक्त 26 शिक्षकों में से वर्तमान में केवल 15 कार्यरत हैं। इस तरह कुल 29 पद रिक्त हैं। डॉ. महंत ने कहा कि शिक्षकों की कमी से विद्यार्थियों की पढ़ाई, शोध कार्य और अस्पताल की ओपीडी प्रभावित हो रही है। इसका खामियाजा गरीब और मध्यमवर्गीय मरीजों को भी भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) अथवा चिकित्सा शिक्षा विभाग के माध्यम से रिक्त पदों पर नियमित भर्ती शुरू कराने के निर्देश देने का आग्रह किया है।

