हाथी ने किया पलटवार, सूंड से ट्रैक्टर का अगला हिस्सा पकड़कर जोर-जोर से झकझोरा, बाल-बाल बची ग्रामीणों की जान

      Date:

      • कोरबा के जिल्गा जंगल में मची अफरा-तफरी, हाथियों को भगाने ट्रैक्टर लेकर पहुंचे थे ग्रामीण, 11 हाथियों के दल में नन्हा शावक भी शामिल

          कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले में हाथी और मानव के बीच बढ़ते संघर्ष के बीच कुदमुरा वन परिक्षेत्र से एक खौफनाक घटना सामने आई है। हाथियों को जंगल से भगाने के लिए ट्रैक्टर लेकर पहुंचे ग्रामीणों पर एक आक्रामक हाथी ने अचानक हमला कर दिया। हाथी ने अपनी सूंड से ट्रैक्टर का अगला हिस्सा पकड़कर उसे जोर-जोर से झकझोर दिया। हाथी के इस खतरनाक पलटवार से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ट्रैक्टर में सवार ग्रामीणों की जान पर बन आई, लेकिन गनीमत रही कि सभी लोग सुरक्षित बच निकले। घटना में ट्रैक्टर को नुकसान पहुंचा है, जबकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

          घटना कुदमुरा वन परिक्षेत्र के जिल्गा परिसर अंतर्गत आमा डुगरु जंगल की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, ग्रामीण हाथियों के दल को जंगल से बाहर खदेड़ने के उद्देश्य से ट्रैक्टर लेकर पहुंचे थे। वे ट्रैक्टर से लगातार शोर मचाकर हाथियों को भगाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान एक हाथी अचानक आक्रामक हो गया और ट्रैक्टर की तरफ बढ़ते हुए उसके अगले हिस्से को अपनी सूंड से पकड़ लिया। हाथी ने पूरी ताकत से ट्रैक्टर को झकझोर दिया। इस अप्रत्याशित हमले से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ग्रामीण ट्रैक्टर लेकर हाथियों के काफी नजदीक दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान हाथी अचानक ट्रैक्टर की ओर बढ़ता है और अपने सूंड से उसके अगले हिस्से को पकड़कर झकझोरने लगता है। बताया जा रहा है कि क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर एक ग्रामीण किसान का है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

          11 हाथियों के दल में नन्हा शावक भी शामिल

          वन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, जिले में इस समय 18 हाथी अलग-अलग दलों में विचरण कर रहे हैं। घटना वाले क्षेत्र में 11 हाथियों का दल मौजूद बताया गया है। इस दल में एक नन्हा शावक भी शामिल है। विशेषज्ञों के अनुसार, शावक की मौजूदगी में हाथी अपने दल की सुरक्षा को लेकर अधिक संवेदनशील और आक्रामक हो सकते हैं। ऐसे में हाथियों के बेहद करीब जाकर शोर मचाना या उन्हें खुद भगाने का प्रयास करना जानलेवा साबित हो सकता है।

          वन विभाग की मौजूदगी में ग्रामीणों की सुरक्षा पर सवाल

          इस घटना के बाद वन विभाग की कार्यप्रणाली और ग्रामीणों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि घटना के समय हाथियों की निगरानी में लगे बीट गार्ड और डिप्टी रेंजर भी मौके पर मौजूद थे। ऐसे में सवाल है कि ग्रामीणों को ट्रैक्टर लेकर हाथियों के इतने करीब जाने से क्यों नहीं रोका गया? क्या ग्रामीणों को हाथियों को भगाने के लिए इस तरह जंगल में जाने की अनुमति दी गई थी? यदि वन विभाग के कर्मचारी मौके पर मौजूद थे, तो सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए गए? फिलहाल इस घटना में किसी की जान नहीं जाने से राहत है, लेकिन हाथियों को भगाने के लिए ग्रामीणों का इस तरह जोखिम उठाना भविष्य में किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। वन्यजीवों की निगरानी और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए वन विभाग को अधिक सतर्कता बरतने की जरूरत है।

          कुदमुरा वन परिक्षेत्र में हाथियों का उत्पात, आंगनबाड़ी केंद्र को बनाया निशाना

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related

              राज्यपाल ने सरस्वती महाविद्यालय को दिए 10 कंप्यूटर और प्रिंटर

              विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक एवं तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध...