वॉशिंगटन डीसी (एजेंसी)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने एक बार फिर ईरान के परमाणु कार्यक्रम और यूरेनियम भंडार को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। शनिवार को एयरफोर्स वन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका किसी भी स्थिति में ईरान के पास मौजूद अधिक एनरिच्ड यूरेनियम को हासिल करेगा।
उन्होंने साफ चेतावनी दी कि यदि बुधवार तक ईरान के साथ कोई बड़ा समझौता नहीं हुआ, तो मौजूदा युद्धविराम (सीजफायर) समाप्त किया जा सकता है। ट्रम्प ने कहा कि ईरान पर नाकेबंदी जारी रहेगी और आवश्यकता पड़ने पर दोबारा बमबारी भी शुरू की जा सकती है। यह बयान ऐसे समय आया है जब दोनों देशों के बीच चल रही बातचीत आगे बढ़ने के बजाय ठहराव की स्थिति में नजर आ रही है। हाल ही में पाकिस्तान में हुई अप्रत्यक्ष वार्ता से भी कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया। हालांकि बैकचैनल बातचीत से उम्मीदें जगी थीं, लेकिन अब भी कई अहम मुद्दों पर सहमति नहीं बन सकी है।
होर्मुज स्ट्रेट को लेकर बनी हुई है असमंजस की स्थिति
दुनिया के सबसे अहम समुद्री व्यापार मार्गों में शामिल होर्मुज स्ट्रेट को लेकर स्थिति अभी भी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। इसी कारण कई व्यापारिक जहाज वहां से गुजरने से बच रहे हैं। अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक विरोधाभासी खबरों के चलते जहाजरानी कंपनियों में डर का माहौल बना हुआ है। होर्मुज खुलने की घोषणा के बाद कुछ जहाजों ने गुजरने की कोशिश की, लेकिन अस्थिर हालात को देखते हुए कई जहाज वापस लौट गए। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने दावा किया है कि होर्मुज सभी व्यापारिक जहाजों के लिए पूरी तरह खुला है। वहीं ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाकर गालिबाफ ने चेतावनी दी कि यदि अमेरिका ने ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी जारी रखी, तो यह रास्ता खुला नहीं रहेगा।दूसरी ओर अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने स्पष्ट किया है कि जब तक राष्ट्रपति ट्रम्प आदेश नहीं देंगे, तब तक नाकेबंदी जारी रहेगी।
इन मुद्दों पर अटकी है बातचीत
- ईरान पर लगे आर्थिक प्रतिबंध हटेंगे या नहीं
- ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम को कितना सीमित करेगा
- समुद्री मार्गों पर जहाजों की सुरक्षा और आवाजाही कैसे सुनिश्चित होगी

