सारंगढ़-बिलाईगढ़ (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले के कृषि विभाग कार्यालय में पत्रकार और वकील के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी (आरईओ) प्रवीण पटेल ने दस्तावेज की फोटो खींचने और जानकारी मांगने पर पत्रकार की पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे वकील को भी धक्का देकर बाहर कर दिया गया। पूरी घटना कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

बताया जा रहा है कि घटना के दौरान कार्यालय में मौजूद वरिष्ठ अधिकारी और अन्य कर्मचारी मूकदर्शक बने रहे। पीडि़तों ने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार, 16 अप्रैल को अधिवक्ता जनक बरेठ अपनी माता के किसान सम्मान निधि की राशि से जुड़ी समस्या के समाधान के लिए आवेदन देने कृषि विभाग कार्यालय पहुंचे थे। उनके साथ स्थानीय पत्रकार पोषराम साहू भी मौजूद थे। दोनों ने पहले जिला कृषि अधिकारी आशुतोष श्रीवास्तव से मुलाकात की, जिन्होंने उन्हें संबंधित कर्मचारी आरईओ प्रवीण पटेल के पास भेज दिया।
शिकायत की बात पर भड़का अधिकारी
बताया गया कि पत्रकार पोषराम साहू ने किसान सम्मान निधि की राशि संबंधी जानकारी मांगी और जानकारी नहीं मिलने पर उच्च अधिकारियों से शिकायत करने की बात कही। इसी बात से आरईओ प्रवीण पटेल नाराज हो गए। आरोप है कि उन्होंने पत्रकार का कॉलर पकड़ लिया और 10 से अधिक बार मुक्कों से हमला किया। बीच-बचाव करने पहुंचे अधिवक्ता जनक बरेठ को भी धक्का देकर अलग कर दिया गया। कार्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई है। वीडियो सामने आने के बाद विभागीय कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।
पुलिस पहुंची, कार्रवाई की मांग
घटना के दौरान जिला कृषि अधिकारी मौके पर मौजूद थे। उन्होंने पुलिस बुलाने की बात कही। आरोप है कि कुछ समय तक दोनों पीडि़तों को कार्यालय से बाहर भी नहीं जाने दिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद पत्रकार और वकील ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। सरकारी दफ्तर में खुलेआम मारपीट और अधिकारियों के सामने हिंसा की घटना ने प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजर पुलिस जांच और विभागीय कार्रवाई पर टिकी हुई है।

