प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर शहर से गांव तक दीप प्रज्वलन, मंत्री लखन देवांगन सहित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने लिया विकसित भारत का संकल्प

कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन द्वारा शुरू किए गए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गुरुवार को कोरबा में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। शहर के हृदय स्थल घंटाघर चौक में 51 हजार से अधिक दीयों के एक साथ प्रज्वलित होते ही पूरा परिसर रोशनी से जगमगा उठा। दीपों की आकर्षक सजावट और बड़ी संख्या में नागरिकों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को विशेष स्वरूप प्रदान किया। इस आयोजन में उद्योग, वाणिज्य एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री तथा कोरबा विधायक लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कंवर, गोपाल मोदी, पार्षदगण, कलेक्टर कुणाल दुदावत, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का उद्देश्य जनसेवा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को जनभागीदारी से आगे बढ़ाना रहा। दीप प्रज्वलन के माध्यम से नागरिकों को सेवा, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण से जुड़ने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और उनके लाभों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया। जिले के नगरीय निकायों, जनपद पंचायत क्षेत्रों और शासकीय कार्यालयों में भी सामूहिक दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला प्रशासन ने पूरे जिले में 5 लाख 50 हजार दीये प्रज्वलित करने का लक्ष्य रखा था। जिले के 11 प्रमुख स्थानों पर कुल 1 लाख 17 हजार 700 दीयों का सामूहिक प्रज्वलन किया गया। इसके अलावा लोगों ने अपने-अपने घरों में भी दीप जलाकर कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। नागरिकों तक दीये पहुंचाने के लिए राशन दुकानों, आरोग्य मंदिरों और गैस केंद्रों के माध्यम से भी व्यवस्था की गई थी। कोरबा के घंटाघर चौक के अलावा कटघोरा के राधासागर तालाब एवं शिव मंदिर परिसर, बांकीमोंगरा के गजरा मैदान तथा दीपका के राधासागर तालाब और पुष्प वाटिका में भी सामूहिक दीप प्रज्वलन किया गया।
दीपों की रोशनी में नजर आई जनभागीदारी
घंटाघर चौक में हजारों दीयों के एक साथ जलने से पूरा क्षेत्र आकर्षक रोशनी से नहा गया। ‘आशीर्वाद का दीया’ के रूप में सजाए गए दीपों ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण पैदा किया। बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंचकर दीप प्रज्वलित किए और अभियान में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।जिले के विभिन्न स्थानों पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों ने उत्साह के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। दीप प्रज्वलन के जरिए सेवा, जनभागीदारी और विकसित भारत के संकल्प का संदेश लोगों तक पहुंचाया गया।
‘आशीर्वाद का दीया’ सेवा और राष्ट्र निर्माण का प्रतीक : देवांगन
मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस और उनके सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जा रहा है। यह दीप जनसेवा, राष्ट्र निर्माण और देश के विकास के प्रति कृतज्ञता एवं शुभकामनाओं का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि और स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं के माध्यम से पात्र लोगों तक सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। मंत्री ने कहा कि ‘विकसित भारत 2047’ का लक्ष्य केवल सरकार के प्रयासों से नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से पूरा होगा। सेवा संकल्प अभियान इसी जनभागीदारी को मजबूत करने का अवसर है।
विकास कार्यों को भी मिली गति
मंत्री देवांगन ने कहा कि कोरबा जिले में जिला खनिज न्यास के माध्यम से अनेक विकास कार्यों को गति दी जा रही है। इसके तहत आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूल भवनों, स्वास्थ्य सुविधाओं, आश्रम-छात्रावासों और पुल-पुलियों सहित विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि बारिश के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए भी जिला खनिज न्यास से स्वीकृति दी गई है। 15 अक्टूबर के बाद सड़क मरम्मत के कार्यों में तेजी लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि जिले में बेहतर आवागमन और मूलभूत सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता में है। मंत्री ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा।
महापौर ने बताया कोरबा के लिए गौरव का अवसर
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस और उनके सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर घंटाघर चौक में 51 हजार से अधिक दीप प्रज्वलित करना कोरबा के लिए गौरव का अवसर है। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाला सेवा संकल्प अभियान सेवा, सुशासन, जनकल्याण और जनभागीदारी की भावना को लोगों तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि घंटाघर में जलाए गए दीप नागरिकों की सहभागिता और शुभकामनाओं के प्रतीक हैं।
स्वच्छता कर्मियों और कलाकारों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले स्वच्छता कर्मियों को स्वच्छता किट और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें कृष्णा देवी, गीता कश्यप, रमिला देवी, सरिता प्रजापति, सरस्वती पटेल, कुंवर सिंह, रंगीला नेगी, रगैया, वनिता लावरिया और राम नरेश शामिल रहे। वहीं आकर्षक रंगोली के माध्यम से भारत के मानचित्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चित्र उकेरने वाले कलाकारों मनीषा अग्रवाल, सोनिया महंत, अदिति गर्ग, महावीर एवं उनके साथियों को भी सम्मानित किया गया।
रंगोली और दीपमाला बनी आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम स्थल पर बनाई गई विशाल रंगोली और 51 हजार दीयों से सजी दीपमाला लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। भारत के मानचित्र के भीतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चित्र उकेरा गया था। अतिथियों ने रंगोली का अवलोकन कर कलाकारों की रचनात्मकता की सराहना की। इस दौरान घंटाघर चौक का पूरा परिसर दीपों की रोशनी से जगमगाता रहा। शहर से लेकर जिले के विभिन्न क्षेत्रों तक लोगों ने दीप प्रज्वलित कर सेवा, जनभागीदारी और विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जलाया ‘आशीर्वाद का दीया’

