डीएमएफ घोटाले में कोरबा सहित ईडी की 5 जिलों में छापेमारी, 1 करोड़ से ज्यादा नकदी बरामद

      Date:

      रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच जिलों में छापेमारी की है। करीब 575 करोड़ रुपये के कथित डीएमएफ घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के दौरान एजेंसी ने एक करोड़ रुपये से अधिक नकदी बरामद की है। बताया जा रहा है कि सबसे अधिक रकम कोरबा और धमतरी में की गई कार्रवाई के दौरान मिली है।

          ईडी

          मंगलवार को ईडी की टीमों ने रायपुर, धमतरी, दुर्ग, कोरबा और अंबिकापुर जिले के कुल 9 ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। इनमें चार आवासीय परिसरों के साथ पांच कारोबारी प्रतिष्ठान शामिल थे। जांच एजेंसी ने कई कारोबारियों और कथित रूप से मामले से जुड़े लोगों के ठिकानों की गहन जांच की। जानकारी के मुताबिक, ईडी ने कारोबारी प्रकाश सालुंके, किशोर एग्रो से जुड़े कारोबारी शाश्वत लुणावत, मानसून एग्रो के प्रमोटर और कांग्रेस नेता राकेश गुप्ता, कारोबारी दीपेश गांधी समेत कई लोगों के परिसरों में जांच की। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवान भी तैनात किए गए थे। जांच के दौरान ईडी को कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, बैंक लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य मिले हैं। अब इन दस्तावेजों की फॉरेंसिक जांच की जा रही है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि कथित घोटाले की राशि किन लोगों तक पहुंची और इसके पीछे पूरा नेटवर्क कैसे काम कर रहा था। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास के लिए जारी डीएमएफ फंड की राशि में गड़बड़ी कर उसे ठेकेदारों, सप्लायरों और बिचौलियों के माध्यम से दूसरी जगह भेजा गया। सरकारी परियोजनाओं और ठेकों की मंजूरी के बदले 25 से 40 प्रतिशत तक कमीशन लेने के आरोपों की भी जांच की जा रही है।

          पूर्व में सौम्या चौरसिया व रानू सही पर हो चुकी कार्रवाई

          गौरतलब है कि इस मामले में पहले भी कई बड़े नाम जांच के दायरे में आ चुके हैं। पूर्व कोरबा कलेक्टर रानू साहू, पूर्व उप सचिव सौम्या चौरसिया और कथित बिचौलिया सूर्यकांत तिवारी सहित कई लोगों के खिलाफ पहले से जांच चल रही है। बताया जा रहा है कि बरामद दस्तावेजों और नकदी के आधार पर आने वाले दिनों में ईडी की कार्रवाई और तेज हो सकती है। संदिग्धों से पूछताछ के साथ कुछ गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं। फिलहाल 16 जून को हुई इस कार्रवाई को लेकर ईडी की ओर से आधिकारिक बयान जारी किया जाना बाकी है।

          शराब-डीएमएफ घोटाले में ईडी का शिकंजा, ढेबर-टुटेजा से जुड़ी 1400 करोड़ की संपत्ति कुर्क

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related